केंद्रीय बजट 2026-27 से पहले सर्राफा बाजार में बड़ा भूचाल देखने को मिला। रविवार को बजट वाले दिन MCX कमोडिटी बाजार खुलते ही सोना और चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। ओपनिंग के साथ ही 1 किलो चांदी के भाव करीब ₹27,000 तक टूट गए, जबकि सोना ₹13,000 से ज्यादा सस्ता हो गया।
बीते सप्ताह की तेज गिरावट के बाद रविवार को एक बार फिर कीमती धातुओं में जोरदार क्रैश देखने को मिला। शेयर बाजार के साथ-साथ कमोडिटी मार्केट में भी ट्रेडिंग जारी रही और निवेशकों में हड़कंप मच गया।
बजट से पहले क्यों टूटा बाजार?
बजट 2026 से पहले वायदा कारोबार में सोना और चांदी दोनों में करीब 9 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई। जानकारों के मुताबिक,
- बजट को लेकर अनिश्चितता
- वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेत
- मुनाफावसूली का दबाव
इन सभी वजहों से सर्राफा बाजार पर लगातार दबाव बना हुआ है।
चांदी की गिरावट ने चौंकाया
पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन ही चांदी बुरी तरह टूट चुकी थी। खास बात यह रही कि गिरावट से एक दिन पहले चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार ₹4 लाख प्रति किलो का स्तर पार किया था।
- 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी ₹4,20,048 प्रति किलो के लाइफटाइम हाई पर पहुंची
- अगले ही दिन ₹1.28 लाख टूटकर ₹2,91,922 पर आ गई
- बजट वाले दिन गिरावट और गहरी हुई
- चांदी करीब ₹26,273 या 9% गिरकर ₹2,65,652 प्रति किलो पर आ गई
सोने का हाल भी बेहाल
सोना भी इस गिरावट से बच नहीं सका।
- MCX पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला 10 ग्राम 24 कैरेट सोना
- गुरुवार को ₹1,93,096 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा
- फिर ₹42,247 टूटकर ₹1,50,849 पर आ गया
- रविवार को इसमें फिर भारी बिकवाली दिखी
- सोना 8.80% से ज्यादा फिसलकर ₹1,38,634 प्रति 10 ग्राम पर आ गया
- यानी एक दिन में करीब ₹13,711 की गिरावट
पहले से जताई जा रही थी गिरावट की आशंका
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस बार बजट रविवार को पेश होने के कारण कमोडिटी बाजार खुले रहे। बीते सप्ताह की तेज गिरावट से निवेशकों का सेंटीमेंट पहले ही कमजोर था। ऐसे में बजट डे पर भारी बिकवाली की आशंका जताई जा रही थी, जो अब सच साबित होती नजर आई।
Leave a comment