मनोरंजन | 25 नवंबर 2026: पंचायत’ वेब सीरीज से घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता जितेंद्र कुमार अब एक नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने वाले हैं। उनकी आगामी साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म ‘दालिम्ब’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री प्रिया बापट भी अहम भूमिका निभा रही हैं।
ट्रेलर में जितेंद्र कुमार एक ऐसे पिता के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो अपने लापता बेटे की तलाश में परेशान हैं। करीब दो मिनट का यह ट्रेलर रहस्य, डर और रोमांच से भरपूर है। इसकी कहानी शुरुआत से ही दर्शकों के मन में कई सवाल खड़े करती है।
ट्रेलर में क्या है खास?
फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत जितेंद्र कुमार के नए फ्लैट में शिफ्ट होने से होती है। उनका बेटा लुका-छिपी खेलने का शौकीन है। लेकिन एक दिन खेलते-खेलते वह अचानक लापता हो जाता है।
बेटे के गायब होने के बाद जितेंद्र कुमार उसे हर जगह तलाश करते हैं, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिलता। इसी दौरान उन्हें बताया जाता है कि उस इलाके में एक कातिल भी मौजूद है। इसके बाद कहानी में रहस्य और सस्पेंस और गहरा होता दिखाई देता है।
पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आएंगी प्रिया बापट

ट्रेलर में अभिनेत्री प्रिया बापट की एंट्री एक पुलिस अधिकारी के रूप में होती है। वह लापता बच्चे को ढूंढने की जिम्मेदारी उठाती हैं। इसके लिए वह आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ भी करती हैं, लेकिन जांच के बावजूद बच्चे का कोई पता नहीं चलता।
वहीं, बेटे की तलाश में परेशान पिता खुद उसे खोजने का फैसला करता है। इस दौरान जितेंद्र कुमार के साथ कुछ ऐसी अजीब घटनाएं होती हैं, जो कहानी को और भी रहस्यमयी बना देती हैं।
मुंबई की इमारतों के बीच छिपा है रहस्य
‘दालिम्ब’ के ट्रेलर में मुंबई की ऊंची इमारतें और उनके बीच किसी संदिग्ध हत्यारे की मौजूदगी कहानी को एक अलग माहौल देती है। ट्रेलर में ‘संकट मोचन’ की चौपाइयों की गूंज भी सुनाई देती है।
इसके अलावा कहानी में भ्रम और हकीकत के बीच उलझी जांच की झलक देखने को मिलती है। कुल मिलाकर, फिल्म का ट्रेलर एक ऐसी साइकोलॉजिकल थ्रिलर की ओर इशारा करता है, जिसमें बेटे की तलाश के साथ कई रहस्यों से पर्दा उठने वाला है।
Leave a comment