क्रिकेट | 25 नवंबर 2026: न्यूजीलैंड के दिग्गज क्रिकेटर और पूर्व कप्तान केन विलियमसन को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें SA20 लीग के 2027 सीजन के लिए डरबन सुपर जायंट्स का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के साथ ही विलियमसन अब खिलाड़ी के बजाय कोच की भूमिका में नजर आएंगे।
विलियमसन दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर लांस क्लूजनर की जगह लेंगे। क्लूजनर 2023 में लीग के पहले सीजन से ही डरबन सुपर जायंट्स के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। फ्रेंचाइजी ने बुधवार को आधिकारिक बयान जारी कर विलियमसन की नियुक्ति की जानकारी दी।
खास बात यह है कि विलियमसन पहली बार किसी क्रिकेट टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी और लंबे अनुभव के बाद अब उनके सामने कोच के रूप में नई चुनौती होगी।
दो सीजन तक डरबन सुपर जायंट्स के लिए खेल चुके हैं विलियमसन
केन विलियमसन के लिए डरबन सुपर जायंट्स की टीम नई नहीं है। वह 2025 और 2026 सीजन में इसी फ्रेंचाइजी की ओर से बतौर खिलाड़ी मैदान पर उतर चुके हैं।
इन दो सीजन में उन्होंने कुल 15 मुकाबले खेले और 343 रन बनाए। फ्रेंचाइजी ने आगामी सीजन के लिए उन्हें खिलाड़ी के तौर पर भी रिटेन किया था, लेकिन अब उन्हें टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है।
टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि विलियमसन का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव, खेल की बेहतर समझ और कप्तानी का अनुभव खिलाड़ियों के काम आएगा। फ्रेंचाइजी उनके मार्गदर्शन में टीम के प्रदर्शन में निरंतरता लाने और खिताब जीतने की कोशिश करेगी।
टॉम मूडी समेत कोचिंग स्टाफ के साथ करेंगे काम
डरबन सुपर जायंट्स के नए हेड कोच केन विलियमसन टीम के मौजूदा कोचिंग स्टाफ के साथ मिलकर काम करेंगे। टीम के क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी हैं।
कोचिंग स्टाफ में रयान कुक बल्लेबाजी कोच, भरत अरुण तेज गेंदबाजी कोच, कार्ल क्रो स्पिन गेंदबाजी कोच और कुशेन किशन फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इस अनुभवी कोचिंग टीम के साथ विलियमसन की भूमिका काफी अहम रहने वाली है। अब देखना होगा कि उनकी कोचिंग में डरबन सुपर जायंट्स SA20 के 2027 सीजन में कैसा प्रदर्शन करती है।
टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं विलियमसन

केन विलियमसन ने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड के पहले टेस्ट मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। वह न्यूजीलैंड की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
उन्होंने 110 टेस्ट मैचों में 54.06 की शानदार औसत से कुल 9,515 रन बनाए हैं। वहीं, वनडे क्रिकेट में उनके नाम 175 मैचों में 7,256 रन दर्ज हैं।
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी विलियमसन का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 93 मुकाबलों में 2,575 रन बनाए हैं। वनडे क्रिकेट में वह न्यूजीलैंड के लिए चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं।
अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद विलियमसन कोचिंग की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं।
Leave a comment