ओडिशा के संगीत जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर और कंपोजर अभिजीत मजूमदार अब इस दुनिया में नहीं रहे। लंबे समय से बीमार चल रहे अभिजीत ने आज रविवार, 25 जनवरी 2026 को 54 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से फैंस और म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
अभिजीत मजूमदार ओडिशा म्यूजिक इंडस्ट्री के सबसे चर्चित और भरोसेमंद नामों में गिने जाते थे। महीनों तक जिंदगी से जूझने के बाद उनका यूं जाना ओडिया संगीत जगत के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।
AIIMS भुवनेश्वर में चल रहा था इलाज
अभिजीत मजूमदार पिछले कई महीनों से गंभीर रूप से बीमार थे। उनका इलाज AIIMS भुवनेश्वर में चल रहा था। हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी, लेकिन फैंस उनके ठीक होने की दुआएं कर रहे थे। अफसोस, रविवार को ये उम्मीद टूट गई और उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

नवीन पटनायक ने जताया शोक
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी अभिजीत मजूमदार के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि ओडिया म्यूजिक इंडस्ट्री में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा और इस कठिन घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं।

अगस्त 2025 से बिगड़ती गई सेहत
अभिजीत की तबीयत अगस्त 2025 में अचानक बिगड़ी थी। 27 अगस्त को उन्हें कटक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में सोडियम लेवल खतरनाक रूप से कम पाया गया। हालत गंभीर होने पर 31 अगस्त को उन्हें ICU में शिफ्ट किया गया।
वेंटिलेटर सपोर्ट पर रहे
हालात और बिगड़ने पर 4 सितंबर 2025 को उन्हें AIIMS भुवनेश्वर के इमरजेंसी वार्ड में लाया गया। उस समय वे कोमा जैसी स्थिति में थे। बाद में उन्हें ICU में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। 21 सितंबर को वेंटिलेटर हटाया गया, लेकिन उनका सेंट्रल नर्वस सिस्टम गंभीर स्थिति में बना रहा।
नवंबर-दिसंबर में दिखी थी उम्मीद
नवंबर 2025 में उनकी हालत में कुछ सुधार की खबरें आईं, जिससे फैंस को राहत मिली। 31 दिसंबर 2025 को बताया गया कि उनकी सेहत में और सुधार हुआ है और जल्द डिस्चार्ज की उम्मीद जताई गई थी। नए साल में उनके लौटने की आस थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
अभिजीत मजूमदार का शानदार करियर
11 सितंबर 1971 को जन्मे अभिजीत मजूमदार ने 2000 के दशक की शुरुआत में अपने करियर की शुरुआत की थी। करीब तीन दशकों के करियर में उन्होंने 700 से ज्यादा गाने कंपोज किए। फिल्मों के साथ-साथ म्यूजिक एल्बम्स में भी उन्होंने कई सुपरहिट धुनें दीं।
‘लव स्टोरी’, ‘सिस्टर श्रीदेवी’, ‘गोलमाल लव’, ‘सुंदरगढ़ रा सलमान खान’ और ‘श्रीमान सूरदास’ जैसी फिल्मों का संगीत आज भी श्रोताओं की पसंद बना हुआ है।
अभिजीत मजूमदार भले ही अब हमारे बीच न हों, लेकिन उनका संगीत हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगा।
Leave a comment