लखनऊ | 20 नवंबर 2026: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की गोसाईंगंज जिला जेल में एक विचाराधीन बंदी का शव बैरक के शौचालय में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान सुल्तानपुर निवासी अवनीश जायसवाल (30) के रूप में हुई है। वह अपनी प्रेमिका की हत्या के आरोप में जेल में बंद था। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा किया। पुलिस ने परिवार की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेल के शौचालय में तौलिये के सहारे लटका मिला शव
जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात गोसाईंगंज जिला जेल में यह घटना हुई। अवनीश जायसवाल सर्किल नंबर तीन के हाता संख्या 13 स्थित बैरक नंबर 83 में बंद था।
बताया गया कि उसका शव बैरक के शौचालय में तौलिये के सहारे फंदे से लटका मिला। अवनीश ने प्रेमिका की हत्या के मामले में अदालत में सरेंडर किया था।
घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इनमें जेल डीआईजी डॉ. रामधनी, गोसाईंगंज एसीपी ऋषभ यादव, नायब तहसीलदार अभिषेक पांडेय और कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र कुमार शामिल थे।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी नमूने जुटाकर जांच के लिए भेज दिए हैं।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, दर्ज हुई FIR
अवनीश की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने उसकी मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया और हंगामा किया।
परिजनों की तहरीर पर गोसाईंगंज पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है। हालांकि, मामले की आगे की जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है।
वहीं, प्रभारी वरिष्ठ जेल अधीक्षक ऋत्विक प्रियदर्शी ने हत्या के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि बंदी ने आत्महत्या की है।
जेल डीआईजी डॉ. रामधनी ने बताया कि मामले की न्यायिक, मजिस्ट्रेट और विभागीय जांच कराई जाएगी।
एक दिन पहले ही परिवार ने की थी जेल में मुलाकात
अवनीश के भाई आशीष ने उसकी मौत पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि जेल में अवनीश की हत्या की गई है।
आशीष के मुताबिक, परिवार के लोग घटना से एक दिन पहले ही अवनीश से मिलने जेल गए थे। उस समय सब कुछ सामान्य था।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक दिन पहले तक सब ठीक था तो अचानक ऐसी क्या परिस्थिति बनी कि अवनीश की मौत हो गई?
इस मामले में डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि आशीष की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
लापरवाही मिलने पर बैरक प्रभारी निलंबित
घटना के बाद जेल प्रशासन ने ड्यूटी में लापरवाही के मामले में कार्रवाई की है।
लखनऊ परिक्षेत्र के जेल डीआईजी डॉ. रामधनी के मुताबिक, प्राथमिक जांच में लापरवाही सामने आने के बाद बैरक प्रभारी हरिओम को निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा तीन हेड जेल वार्डर देव प्रकाश सिंह, उदय नारायण और दीपेंद्र सिंह के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
डीआईजी ने बैरक के बंदियों से की पूछताछ
घटना के समय अवनीश जिस बैरक में बंद था, वहां उसके साथ कुल 44 बंदी मौजूद थे।
जेल पहुंचने के बाद डीआईजी डॉ. रामधनी ने अवनीश के साथ बैरक में रहने वाले करीब एक दर्जन बंदियों से पूछताछ की। उन्होंने अन्य बंदियों से अवनीश के व्यवहार और घटना से पहले की परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली।
जेल प्रशासन के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में अवनीश अपने कंधे पर तौलिया रखकर शौचालय की ओर जाता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह वापस लौटता हुआ नजर नहीं आया।
फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन की ओर से मामले की अलग-अलग स्तर पर जांच की जा रही है। परिजनों के हत्या के आरोप और जेल प्रशासन के आत्महत्या के दावे के बीच जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
Leave a comment