टेक्नोलॉजी | 17 नवंबर 2026: देश में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें हैकर्स ने डिजिटल लोन देने वाली 12 नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियों (NBFC) को निशाना बनाया। दिल्ली-NCR में पिछले तीन महीनों के दौरान इन कंपनियों से 65 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी हुई है।
हैरानी की बात यह है कि साइबर अपराधियों ने आम ग्राहकों को फर्जी कॉल करके ठगने के बजाय सीधे फाइनेंस कंपनियों के सिस्टम में सेंध लगाई। इसके बाद मंजूर हो चुके लोन की रकम ग्राहकों के बैंक खातों में भेजने के बजाय दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई।
दिल्ली पुलिस की जांच में कुछ मामलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल के इस्तेमाल के संकेत भी मिले हैं। इस साइबर हमले ने डिजिटल लोन कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोन मंजूर होते ही बदल देते थे बैंक खाते की जानकारी
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, साइबर अपराधियों ने NBFC कंपनियों के कस्टमर एप और सॉफ्टवेयर को निशाना बनाया। इसके लिए मैलवेयर का इस्तेमाल कर कंपनियों के सिस्टम में सेंध लगाई जाती थी।
जांच में सामने आया कि यह मैलवेयर करीब 7 से 8 दिनों तक सिस्टम में सक्रिय रह सकता था। इस दौरान यह उन लोन की जानकारी जुटाता था, जिन्हें मंजूरी मिल चुकी थी, लेकिन उनकी रकम अभी ग्राहकों को नहीं दी गई थी।
इसके बाद अपराधी असली ग्राहक के बैंक खाते की जानकारी बदलकर उसकी जगह फर्जी बैंक खाते की डिटेल डाल देते थे। नतीजतन, लोन की रकम असली ग्राहक तक पहुंचने के बजाय साइबर अपराधियों के बताए खातों में चली जाती थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अपराधी कंपनियों के भरोसेमंद क्लाउड सर्वर कनेक्शन और अप्रूव्ड IP एड्रेस का इस्तेमाल करके फर्जी पेमेंट निर्देश भेज रहे थे।
AI टूल का भी हुआ इस्तेमाल
इस साइबर ठगी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल के भी संकेत मिले हैं। अक्टूबर में करीब 3 करोड़ रुपये की ठगी के एक मामले में चीनी AI प्लेटफॉर्म ‘CyberStrike AI’ का नाम सामने आया।
जांच के अनुसार, आरोपियों ने इस प्लेटफॉर्म के जरिए NBFC कंपनी के सिस्टम को कमांड स्क्रिप्ट भेजी थीं। हालांकि, AI टूल की भूमिका और इसके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।
Hero FinCorp और Unifinz को करोड़ों का नुकसान
इस साइबर ठगी के शुरुआती बड़े मामलों में Hero FinCorp और Unifinz Private Limited का नाम सामने आया है।
17 अगस्त को Hero FinCorp से करीब 12 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई। यह रकम 300 से ज्यादा ट्रांजैक्शन के जरिए निकाली गई।
वहीं, Unifinz Private Limited को भी बड़ा नुकसान हुआ। कंपनी के साथ दो दिनों के भीतर 550 ट्रांजैक्शन के जरिए 12.49 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
दिल्ली-NCR के अलावा देश के दूसरे हिस्सों में भी NBFC कंपनियां साइबर अपराधियों के निशाने पर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, देशभर की NBFC कंपनियों की ओर से करीब 150 शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। इन मामलों में कुल नुकसान 300 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया गया है।
20 आरोपी गिरफ्तार, 18 करोड़ रुपये बचाए
दिल्ली पुलिस ने इन साइबर ठगी के मामलों में अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी ठगी की रकम हासिल करने के लिए फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने या उनकी व्यवस्था करने में शामिल थे।
इसके अलावा पुलिस ने करीब 18 करोड़ रुपये की रकम को भी जब्त किया है। यह कार्रवाई रकम को निकाले जाने या क्रिप्टोकरेंसी में बदले जाने से पहले की गई।
फिलहाल, इन मामलों की जांच जारी है। पुलिस साइबर अपराधियों के नेटवर्क और ठगी में इस्तेमाल किए गए तरीकों की पड़ताल कर रही है।
Leave a comment