The Journalist News (Lucknow): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 और 5 जुलाई को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राजधानी लखनऊ में पार्टी संगठन को मजबूत करने, पदाधिकारियों के साथ रणनीतिक बैठकों और वरिष्ठ नेताओं से संवाद सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
4 जुलाई को लखनऊ पहुंचेंगे नितिन नवीन
कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नवीन 4 जुलाई सुबह 11 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक एक विशाल रोड शो निकाला जाएगा। यह रोड शो अलंबाग, टी.एन. चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहे जैसे प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा।

संगठनात्मक बैठकों पर रहेगा फोकस
लखनऊ पहुंचने के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि इन बैठकों में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी।
हनुमान सेतु मंदिर में करेंगे पूजा
शाम 4 बजे नितिन नवीन लखनऊ स्थित श्री हनुमान सेतु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद उनका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद दोनों उपमुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ भी बैठक होगी। इसके अलावा भाजपा की कोर कमेटी की अहम बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठन और सरकार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
आगे पढ़िए: BRS पर कांग्रेस का बड़ा हमला, ‘सबूत लेकर पहुंचे, लेकिन KTR और हरीश राव नहीं आए’
प्रमुख हस्तियों से संवाद और रात्रि भोज
शाम 7:45 बजे नितिन नवीन पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह के आवास पर प्रदेश की प्रमुख हस्तियों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रात्रि भोज में शामिल होंगे।
5 जुलाई का कार्यक्रम
दौरे के दूसरे दिन 5 जुलाई की शुरुआत भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ चाय पर चर्चा से होगी। इसके बाद सुबह 9:30 बजे उत्तर प्रदेश एनडीए के नेताओं के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। सुबह 10:30 बजे दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठकें होंगी, जिनमें संगठन और शासन से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। दोपहर 2:45 बजे नितिन नवीन राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का भ्रमण करेंगे। इसके बाद वे शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे और कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर मार्गदर्शन देंगे।
बूथ स्तर तक पहुंचेगा संगठन
शाम 5 बजे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पीर नगर में बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर पहुंचेंगे। यहां वे बूथ स्तर के संगठन की समीक्षा करेंगे और आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे। भाजपा संगठन के अनुसार, इस दौरे का उद्देश्य प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूत करना, कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाना तथा भविष्य की रणनीति को लेकर समन्वय स्थापित करना है। दो दिवसीय इस दौरे को भाजपा संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें प्रदेश नेतृत्व, जनप्रतिनिधियों और संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों के साथ व्यापक मंथन होने की संभावना है, जिससे आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और संगठनात्मक अभियानों को नई दिशा मिल सकती है।
Leave a comment