देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेगी। जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से बरेली के त्रिशूल एयरबेस पर उतरीं।

जहां उनका स्वागत उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने किया। तय कार्यक्रम के मुताबिक, राष्ट्रपति बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान IVRI के 11वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और मेधावी छात्रों को पदक और उपाधियां देंगी।

इसके बाद वो गोरखपुर रवाना होंगी, जहां शाम को AIIMS गोरखपुर के पहले दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। वहीं 1 जुलाई को यानि कल राष्ट्रपति गोरखपुर में महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण करेंगी और आरोग्यधाम सोनबरसा में विभिन्न शैक्षणिक व स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगी। बता दें कि, राष्ट्रपति मुर्मू पहली बार पद संभालने के बाद गोरखपुर आ रही हैं। इस दौरे के दौरान जिसमें राष्ट्रपति दो दिन में लगभग 129 किलोमीटर की सड़क यात्रा करेंगी। जिसको लेकर सरकार के आदेशानुसार प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम कर लिए हैं और यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। यह दौरा प्रदेश के आयुष, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है।

बताते चलें कि, मुख्यमंत्री योगी महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में एक जुलाई को प्रस्तावित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगमन और उनके कार्यक्रमों से जुड़ी तैयारियों का निरीक्षण किया था। इसके बाद समीक्षा बैठक भी की थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि, एक जुलाई को महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों होने वाले लोकार्पण व शिलान्यास समारोह को भव्य और यादगार बनाया जाए। क्योंकि, एक जुलाई को राष्ट्रपति एमजीयूजी में अकादमिक भवन, आडिटोरियम और पंचकर्म केंद्र का लोकार्पण तथा गर्ल्स हास्टल का शिलान्यास करेंगी। राष्ट्रपति का आगमन इस विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण अवसर है, इसलिए तैयारियां भी उसी के हिसाब से होनी चाहिए।

निरीक्षण के बाद एमजीयूजी के गेस्ट हाउस में बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, यह महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है कि इसके लोकार्पण को अभी चार साल भी पूरा नहीं हुआ है और इस अंतराल में यहां दूसरी बार राष्ट्रपति आने वाली हैं। एक जुलाई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कार्यक्रम को 28 अगस्त 2021 को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सानिध्य में हुए विश्वविद्यालय के लोकार्पण समारोह की ही तरह शानदार बनाया जाए। एमजीयूजी को लगातार मिल रहीं उपलब्धियों में राष्ट्रपति का कार्यक्रम इस विश्वविद्यालय को और प्रगति करने में प्रेरणादायी होगा। साथ ही मुख्यमंत्री ने लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में सुरक्षा व्यवस्था, आगंतुकों के लिए की जा रही व्यवस्था आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और कहा कि कार्यक्रम सुव्यवस्थित और सुविधाजनक होना चाहिए।
Leave a comment