Edited by: Vandana Ravindra.
भारतीय सेना की तरफ से पाकिस्तान की नापाक हरकतों को लेकर चौकाने वाला खुलासा किया गया है। दरअसल, भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद बौखलाए पाकिस्तान ने ड्रोन से हमला किया था जिसे भारतीय सेना ने पूरी तरह से विफल कर दिया।
सेना से मिली जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान का मुख्य निशाना जम्मू-कश्मीर, गुजरात और पंजाब के प्रमुख शहर थे. विशेष रूप से अमृतसर स्थित पवित्र स्वर्ण मंदिर को नुकसान पहुंचाना उसका मुख्य उद्देश्य था। भारतीय सेना ने पंजाब के अमृतसर में डेमो के जरिए दिखाया कि किस तरह आकाश मिसाइल प्रणाली, एल-70 एयर डिफेंस गन और अन्य उन्नत वायु रक्षा प्रणालियों ने इस हमले को रोका. सेना ने उन पाकिस्तानी मिसाइलों और ड्रोन का मलबा भी प्रदर्शित किया, जिन्हें इंटरसेप्ट करके नष्ट कर दिया गया.
15 इन्फेंट्री डिवीजन के जीओसी मेजर जनरल कार्तिक सी. शेषाद्रि ने जानकारी देते हुए कहा कि, “हम जानते थे कि, पाक सेना के पास कोई निश्चित टारगेट नहीं है, लेकिन हमने पहले से अनुमान लगाया था कि वे आर्मी इंस्टॉलेशंस, धार्मिक स्थलों और नागरिक ठिकानों को निशाना बना सकते हैं. इसलिए, हमने विशेष रूप से स्वर्ण मंदिर की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त एयर डिफेंस कवर तैयार किया.”
उन्होंने बताया कि, 8 मई की सुबह अंधेरे में पाकिस्तान ने मानव रहित हवाई हथियारों, ड्रोन और लंबी दूरी की मिसाइलों से हमला किया था। लेकिन भारतीय वायु रक्षा गनर्स की सतर्कता और साहस के कारण गोल्डन टेंपल पर एक खरोंच तक नहीं आई। बताते चलें कि, पाकिस्तानी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने “ऑपरेशन सिंदूर” को अंजाम दिया. इसमें नौ आतंकी ठिकानों को टारगेट किया गया, जिनमें से सात को पूरी तरह से तबाह कर दिया गया.
Leave a comment