मनोरंजन | 18 नवंबर 2026: बॉलीवुड की दिवंगत अभिनेत्री निम्मी की संपत्ति को लेकर धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री के 62 वर्षीय केयरटेकर असरार इकबाल शेख को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने निम्मी की मौत के बाद उनकी करोड़ों रुपये की संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अभिनेत्री के नाम पर जमा करीब 1.8 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) कथित तौर पर समय से पहले बंद कराकर रकम अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कर ली। इसके अलावा, निम्मी के दो फ्लैटों पर कब्जा करने की कोशिश और करोड़ों रुपये के सोने के आभूषण गायब होने का मामला भी सामने आया है।
आरोपी को मंगलवार देर रात मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क इलाके में उसके घर से गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दो फ्लैट और 1.8 करोड़ की FD पर कब्जे का आरोप

पुलिस के अनुसार, अभिनेत्री निम्मी के केयरटेकर असरार इकबाल शेख पर उनके दो फ्लैट अपने कब्जे में लेने की कोशिश करने का आरोप है।
इतना ही नहीं, आरोप है कि उसने अभिनेत्री के नाम पर बैंक में जमा करीब 1.8 करोड़ रुपये की FD को समय से पहले भुनाया और पांच अलग-अलग किस्तों में रकम अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कर ली।
यह रकम कथित तौर पर 2021 से 2023 के बीच निकाली गई थी। इसके अलावा, अभिनेत्री के सोने के आभूषण भी गायब बताए जा रहे हैं।
बैंक अधिकारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में
इस मामले में पुलिस को दो बैंकों के कुछ अधिकारियों की भूमिका पर भी शक है। पुलिस ने 11 नवंबर को असरार इकबाल शेख के खिलाफ FIR दर्ज की थी।
आरोपों में अभिनेत्री के हस्ताक्षर जाली बनाना, उनकी मौत के बाद उनके नाम पर मौजूद FD को समय से पहले बंद कराना और सोने के आभूषण चोरी करना शामिल है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि निम्मी की मौत के बाद बैंकिंग नियमों के बावजूद FD कैसे बंद कराई गई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस काम में किसी बैंक अधिकारी ने आरोपी की मदद की थी या नहीं।
पुलिस FD से निकाली गई रकम और गायब सोने के आभूषणों का भी पता लगा रही है।
बेटे जैसे मानने वाले शख्स की मौत के बाद शुरू हुई साजिश?
पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले की शुरुआत दिसंबर 2020 में हुई थी। उस समय निम्मी के बेटे की तरह रहने वाले अली सैयद परवेज की ब्रिटेन में मौत हो गई थी। निम्मी उन्हें अपना बेटा मानती थीं।
परवेज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ब्रिटेन में रहते थे। बताया गया है कि अभिनेत्री ने अपनी मौत से कुछ महीने पहले अपनी संपत्ति उनके नाम वसीयत कर दी थी।
पुलिस का आरोप है कि परवेज की मौत के बाद केयरटेकर असरार इकबाल शेख ने निम्मी की संपत्ति और बैंक में जमा रकम पर कब्जा करने की कोशिश शुरू कर दी। इसी दौरान उसने 2021 से 2023 के बीच पांच किस्तों में करीब 1.8 करोड़ रुपये की FD अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए।
सात करोड़ के दो फ्लैट बेचने की भी थी तैयारी
अभिनेत्री निम्मी के मुंबई के सांताक्रूज पश्चिम में जुहू तारा रोड स्थित नेहा अपार्टमेंट में दो फ्लैट थे। इन दोनों फ्लैटों का कुल क्षेत्रफल करीब 1,400 वर्ग फीट बताया गया है। इनकी कीमत सात करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है।
इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब आरोपी शेख ने पिछले साल निम्मी के भतीजे और मुंबई सेंट्रल के कारोबारी मोहम्मद यूनुस दुरानी से संपर्क किया।
आरोप है कि शेख ने दुरानी को दोनों फ्लैट बेचने से मिलने वाली रकम में हिस्सा देने की पेशकश की थी।
दरअसल, दुरानी को इन संपत्तियों से जुड़े कानूनी मामलों में कार्रवाई करने के लिए ब्रिटेन में रहने वाली परवेज की पत्नी से पावर ऑफ अटॉर्नी मिली हुई थी।
शेख की ओर से फ्लैट बेचने की पेशकश के बाद दुरानी को शक हुआ। उन्होंने मामले की पड़ताल शुरू की और पिछले साल बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने अदालत से दोनों फ्लैटों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। इसके बाद फ्लैट बेचने की कोशिश रुक गई।
भतीजे ने उठाए बैंक अधिकारियों की भूमिका पर सवाल
निम्मी के भतीजे मोहम्मद यूनुस दुरानी ने मीडिया से बातचीत में आशंका जताई कि इस पूरे मामले में बैंक के कुछ अधिकारियों ने भी आरोपी की मदद की होगी।
उनका कहना है कि बैंक अधिकारियों को निम्मी और परवेज की मौत की जानकारी नहीं होने की बात कही जा रही है। जबकि FD के प्रमाणपत्र निम्मी के नाम पर थे और परवेज उनके नॉमिनी थे।
ऐसे में सवाल उठता है कि दोनों की मौत के बाद बिना किसी कानूनी वारिस या लाभार्थी को सामने लाए FD कैसे बंद कर दी गई और उसकी रकम आरोपी के बैंक खातों तक कैसे पहुंच गई?
फिलहाल मुंबई पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित तौर पर निकाली गई रकम और गायब आभूषण कहां हैं।
Leave a comment