अहमदाबाद (Ahmedabad) में हुए एयर इंडिया (Air India) के विमान हादसे के बाद दिल दहला देने वाला मंजर देखने को मिला। अहमदाबाद के मेघाणीनगर में हुए इस हादसे में अब तक 265 लोगों के शव अहमदाबाद सिविल अस्पताल ले जाए जा चुके हैं।

वहीं, विमानन कंपनी एयर इंडिया ने भी पुष्टि की है कि, हादसे का शिकार हुए विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो चुकी है। जबकि एक मात्र सरवाइवर का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद सड़कों पर चारों तरफ शव बिखरे पड़े थे। लोगों के शव इतनी बुरी तरह झुलस गए थे कि, उनकी पहचान भी नहीं हो पा रही है। वहीं, हादसे के बाद से लगातार राहत और बचाव कार्य चल रहा है।

खबर है कि, हादसे के कारण घटनास्थल का तापमान इतना ज्यादा बढ गया कि, बचाव काम करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, विस्फोट के बाद दुर्घटनाग्रस्त विमान के आसपास तापमान 1000 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जिसके कारण बचाव कार्य कर रहे लोगों को काफी मुश्किल हो रही है क्योंकि, इतनी गर्मी में घटनास्थल पर पहुंचना और वहां काम करने में हाथ पैर और चेहरा झुलस रहा था। राज्य आपदा मोचन बल के एक सदस्य ने कहा कि, उन्होंने अपने जीवन में कई बड़ी-बड़ी आपदाएं देखीं लेकिन आज तक ऐसी आपदा कभी नहीं देखी। पीपीई किट के साथ राहत कार्य में जुटे हैं लेकिन तापमान इतना ज्यादा था कि, बचाव कार्य मुश्किल हो गया।

घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों ने बृहस्पतिवार देर रात बताया कि घटनास्थल पर ताप इतना बढ़ गया कि यहां तक कि जानवरों और पक्षियों तक को भागने का मौका नहीं मिला और सभी जलकर खाक हो गए। बताया जा रहा है कि, हादसे के वक्त विमान में 1,26,907 लीटर ईंधन था। उड़ान के समय उसकी ऊंचाई 625 फीट थी। विमान क्रैश होते ईंधन की वजह से प्लेन में आग लग गयी।

बताते चलें कि, एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-171 बृहस्पतिवार को अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही थी। विमान ने अहमदाबाद के रनवे-23 से 13:39 बजे उड़ान भरी थी। विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक सवार थे। विमान में दो पायलट एवं 10 केबिन क्रू थे। दो इंजन वाला यह विमान उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही तेजी से नीचे की ओर आने लगा और सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास मेघानीनगर के सिविल अस्पत्ताल और बीजे मेडिकल कॉलेज के पांच मंजिला छात्रावास पर गिर गया।

Leave a comment