राजा रधुवंशी की हत्या करने वाली उसकी धर्मपत्नी सोनम को लेकर बीजेपी सांसद और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत का गुस्सा फूटा। हाल ही में सामने आए राजा रघुवंशी मर्डर केस को लेकर गहरा आक्रोश जताया है।

जाहिर है 29 साल के राजा रघुवंशी की हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया है। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद मेघालय में हनीमून पर गए राजा की पत्नी सोनम ने अपने प्रेमी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। सोनम ने कुछ दिनों बाद उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि बाकी आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया गया है।

इस मामले में कंगना की प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। उन्होंने इसे न सिर्फ क्रूर और अमानवीय बताया बल्कि समाज के लिए सबसे खतरनाक करार दिया है। कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट शेयर कर इस पूरी घटना पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सवाल उठाया कि, एक लड़की अपने माता-पिता से डरकर शादी को मना नहीं कर सकती, लेकिन अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच सकती है? उन्होंने लिखा कि, ऐसी मानसिकता समाज के लिए बहुत बड़ा खतरा है और इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए।

अपने पोस्ट में कंगना ने यह भी कहा कि, समाज अक्सर मूर्ख लोगों को हसी का पात्र समझता है, जबकि असल में वही सबसे बड़ा खतरा होते हैं। ‘बुद्धिमान लोग अपने फायदे के लिए दूसरों को नुकसान पहुंचाते हैं, लेकिन मूर्ख लोगों को खुद नहीं पता कि वो क्या कर रहे हैं। ऐसी नासमझी बेहद खतरनाक होती है।’

फिलहाल मामले में शिलॉन्ग पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ 7 दिन की ट्रांजिट रिमांड हासिल कर ली है। चौथा आरोपी आनंद, मध्य प्रदेश के सागर जिले से पकड़ा गया है और उसे इंदौर लाया गया है। सभी आरोपियों को अब शिलॉन्ग ले जाया जाएगा, जहां आगे की जांच की जाएगी। इस सनसनीखेज मामले के बीच राजा और सोनम की शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसे देखकर लोग और भी ज्यादा आहत महसूस कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जिस शादी की तस्वीरें कुछ दिन पहले तक प्यार और भरोसे की मिसाल लग रही थीं, वो अब एक डरावने सच की निशानी बन चुकी हैं।

Leave a comment