इंदौर के राजा रघुवंशी मर्डर केस में जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे हो रहे हैं। बीते दिन जहां एक तरफ राजा की मां का बयान सामने आया था तो वहीं दूसरी तरफ सोनम के भाई का भी बयान सामने आया था। फिलहाल सोनम ने गाजीपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है और अब सोनम को मेघालय पुलिस शिलॉन्ग लेकर जा रही है।

वहीं अब सोनम की गिरफ्तारी के बाद एक बड़ा खुलासा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, सोनम ने शादी के तीन दिन बाद ही राजा को मारने का प्लान बना लिया था। राज कुशवाहा और सोनम की चैट्स से पता चला है कि, शादी के तीन दिन बाद ही राज कुशवाहा से राजा को मारने की प्लानिंग कर ली थी। क्योंकि, शादी के बाद सोनम को अपने पति राजा रघुवंशी का करीब आना पसंद नहीं आ रहा था।

सोनम ने राज कुशवाहा से बात करते हुए कहा कि , उसका पति राजा उसके करीब आ रहा है, जो मुझे बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा है। ऐसे में उसने राजा को मारने के लिए राज कुशवाहा के साथ मेघालय जाने का प्लान बनाया। और दोनों ने राजा का मर्डर करने के लिए जानबूझकर दूर की लोकेशन ट्रिप के लिए चुनी।

आपको बता दें कि सोनम और राजा की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी। वे 20 मई को मेघालय के लिए रवाना हुए और 23 मई को लापता हो गए थे। रघुवंशी का शव 2 जून को मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा इलाके में एक झरने के पास एक गहरी खाई में मिला था। राजा के पोस्टमार्टम से खुलासा हुआ है कि उसकी हत्या धारदार हथियार से मारकर की गई थी। इसके बाद से सोनम गायब हो गयी थी।

लेकिन गाजीपुर कैसे पहुंची, यह सवाल अभी राज बना हुआ है। जिस ढाबे पर सोनम मिली है उसके पास चौबेपुर के कैथी स्थित टोल प्लाजा है। यहां सीसीटीवी लगा है। ऐसे में अब पुलिस इसके बीच के सभी कैमरे चेक किए। यह टोल वाराणसी से गाजीपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर है। इसके अलावा गाजीपुर शहर और उसके बाहरी हिस्सों के प्रवेश बिंदुओं पर लगे CCTV हैं। पुलिस की कोशिश है कि यह पता लगाया जा सके कि सोनम किस गाड़ी से आई, और उसे वहां किसने छोड़ा? हालांकि, इस पूरे मामले में गाजीपुर पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है।

बताते चलें कि, इंदौर निवासी सोनम रघुवंशी के पिता देवी सिंह रघुवंशी की एक छोटी सी प्लाईवुड फैक्ट्री है। इसी फैक्ट्री में राज कुशवाहा काम करता था। वह उम्र में सोनम से करीब पांच साल छोटा है। सोनम अक्सर अकाउंट्स और स्टाफ मैनेजमेंट से जुड़ी कुछ जिम्मेदारियों को निभाने के बहाने आती थी। इसी बीच दोनों की नजदीकियां बढ़ीं। दोनों को कई बार फैक्ट्री के कर्मचारियों ने भी देखा था। हालांकि, इसके कुछ ही दिनों बाद यानि कि 11 मई को सोनम की राजा से शादी हो गई। लेकिन राजा को पसंद नहीं करती थी।
.……………………………….
Leave a comment